पेंशन अदालत में डीसी ने की 88 मामलों की समीक्षा
रामगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)।
जिले में सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में पेंशन अदालत आयोजित की गई।
पेंशन अदालत में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 88 पेंशन मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। इनमें पूर्व से लंबित 41 मामले और नए प्राप्त 47 मामले शामिल हैं।
पेंशन अदालत में उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से प्रत्येक मामले की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और लंबित मामलों के निष्पादन में आ रही समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पेंशन संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
उपायुक्त ने विशेष रूप से आगामी तीन माह के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पेंशन प्रक्रिया अभी से शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग सेवा पुस्तिका, पेंशन प्रपत्र और अन्य आवश्यक अभिलेखों से जुड़ी प्रक्रियाएं समय रहते पूरी करें, ताकि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के साथ ही पेंशन का लाभ मिल सके।
पेंशन अदालत में महालेखाकार कार्यालय, रांची की टीम भी मौजूद रही। टीम के सदस्यों ने पेंशन मामलों के निष्पादन में आ रही तकनीकी और प्रक्रियागत कठिनाइयों को दूर करने के लिए विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग दिया।
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपनी पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश