हिमांशु सिंह हत्याकांड: भाजपा ने 2 जुलाई को मशाल जुलूस और 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का किया ऐलान
रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जमशेदपुर में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि कानून के शासन पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है।
बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आदित्य साहू ने घोषणा की कि जमशेदपुर की घटना के विरोध और राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ 2 जुलाई की शाम को जमशेदपुर में भाजपा एवं आम जनता के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके अलावा 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो भाजपा पूरे झारखंड बंद का भी आह्वान करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जमशेदपुर की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला किया, उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और जब वह अपनी जान बचाने के लिए पुलिस वाहन में घुस गया, तब भी अपराधी उसे पुलिस के सामने वाहन से बाहर खींचकर ले गए और उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जो राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
साहू ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में पुलिस वाहन से किसी व्यक्ति को बाहर निकालकर उसकी हत्या कर देना इस बात का प्रमाण है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं बचा है। उन्होंने इसे राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की बड़ी विफलता बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या से संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए सभी जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों को जेल भेजने की मांग की। साथ ही उन्होंने हत्या के सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग भी उठाई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार से झारखंड की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर श्वेत पत्र जारी करने और अपराध नियंत्रण के लिए स्पष्ट कार्ययोजना सार्वजनिक करने की भी मांग की। उन्होंने दावा किया कि पिछले छह वर्षों में झारखंड में 10,113 दुष्कर्म, 11 हजार से अधिक अपहरण, 60 हजार से ज्यादा चोरी, लगभग 9,300 हत्याएं तथा करीब 2.80 लाख संज्ञेय अपराध दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े राज्य में कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाते हैं।
प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अविनेश सिंह तथा दीनदयाल बरनवाल भी उपस्थित थे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे