पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पहुंचे नरसिंह मुर्मू के आवास, जताया शोक

 


देवघर, 23 अगस्त (हि.स.)। झारखंड आंदोलनकारी चिन्हीकरण आयोग के सदस्य सह झामुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष नरसिंह मुर्मू की पत्नी के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। निधन की खबर मिलते ही पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों का उनके आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सभी ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इसी क्रम में झामुमो के वरीय नेता सह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता नरसिंह मुर्मू के आवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। भोक्ता ने नरसिंह मुर्मू एवं उनके पुत्र से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा दिवंगत को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए आत्मा की शांति की कामना की।

वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, मंत्री हफीजुल हसन, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, झामुमो जिलाध्यक्ष सहित क्षेत्र के दर्जनों पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भी नरसिंह मुर्मू के आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान सभी ने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

नेताओं ने कहा कि जीवनसाथी का निधन परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक क्षण है। इस कठिन समय में पार्टी और संगठन परिवार के साथ खड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy