पारस एचईसी हॉस्पिटल में दो जटिल सफल रोबोटिक कैंसर सर्जरी

 


रांची, 29 अगस्त (हि.स.)।

पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची में दो जटिल रोबोटिक कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। हॉस्पिटल के अनुसार, दोनों सर्जरी का नेतृत्व सर्जिकल ऑन्कोलॉजी कंसल्टेंट डॉ अभिनव शेखर ने किया, जबकि जीआई सर्जन कंसल्टेंट डॉ नवीन कुमार ने सहयोग किया। अस्पताल की ओर से शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया गया कि पहली सर्जरी बच्चेदानी के कैंसर से पीड़ित महिला मरीज की रोबोटिक तकनीक से की गई। कम चीरे वाली इस सर्जरी के बाद मरीज ने तेजी से स्वास्थ्य लाभ किया और करीब 36 घंटे में स्वयं चलने-फिरने लगी।

इसके बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं दूसरी सर्जरी निचले मलाशय के कैंसर से पीड़ित महिला मरीज की थी। मरीज पहले कीमोथेरेपी और विकिरण चिकित्सा करा चुकी थीं, जिसके बाद सर्जरी तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण थी। विशेषज्ञ टीम ने रोबोटिक तकनीक से यह सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की और मरीज को चौथे दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इस अवसर पर डॉ अभिनव शेखर के अनुसार, रोबोटिक तकनीक जटिल कैंसर सर्जरी में बेहतर दृश्यता और सटीकता प्रदान करती है। हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने कहा कि इससे राज्य में मरीजों को आधुनिक कैंसर सर्जरी की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar