पेपर लीक मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जाए :देवेंद्र
दुमका, 28 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और नियुक्तियों में अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को छात्र व बेरोजगार युवकों ने आक्रोश जताया। आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में एसपी कॉलेज परिसर से भर्ती व्यवस्था यात्रा एवं रैली निकाली।
इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे छात्र-छात्राओं और बेरोजगार युवाओं ने हिस्सा लिया। रैली में शामिल छात्र हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था लागू करो, पेपर लीक बंद करो” सहित कई नारे लगाते हुए चल रहे थे।
रैली एसपी कालेज से निकलकर टीन बाजार चौक और कोर्ट रोड होते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए डीसी चौक पहुंची। यहां पर सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड में सरकारी नौकरी की भर्ती व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
राज्य के मूल आदिवासी और मूलवासी युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं, जबकि परीक्षाओं से पहले प्रश्नपत्र लीक होने की घटना से मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।
उन्हाेंने कहा कि किसान और मजदूर परिवारों के बच्चे आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद कर्ज लेकर पढ़ाई करते हैं और वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। रात-दिन मेहनत करने के बाद जब परीक्षा की घड़ी आती है, तो प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें सामने आने से उनकी मेहनत और उम्मीद दोनों पर पानी फिर जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था से छात्रों में लगातार निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है।
महतो ने सरकार से मांग की कि पिछले वर्षों में सामने आए सभी पेपर लीक मामलों की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके अलावा लंबित नियुक्ति प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने के लिए स्पष्ट परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए। पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल दोषी माफियाओं एवं संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
नियुक्तियों में झारखंड के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्हाेंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो राज्य के सभी जिलों में भर्ती व्यवस्था यात्रा निकाली जाएगी और छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
रैली में राजीव बास्की, मनोज यादव, निरंजन मुर्मू, राजेंद्र मुर्मू, सूरज सोरेन व मनोज मरांडी सहित अन्य शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार