श्री श्याम मंदिर में भक्तिभाव के साथ मना पापांकुशा एकादशी उत्सव

 


रांची, 22 अक्टूबर (हि.स.)। अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में गुरुवार को बेहद श्रद्धा और भक्तिभाव से पापांकुशा एकादशी उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही श्री श्याम प्रभु के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर भक्ति और जयकारों से गूंजता रहा।

एकादशी के अवसर पर श्री श्याम प्रभु को नवीन वस्त्र (बागा) पहनाकर स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत किया गया। लाल गुलाब, रजनीगंधा, गेंदे के फूलों और तुलसी दल से मनमोहक श्रृंगार किया गया। मंदिर में विराजमान शिव परिवार और बजरंगबली का भी विशेष श्रृंगार किया गया।

रात्रि में श्री श्याम देव के जयकारों के बीच ज्योत प्रज्वलित की गई। भक्तों ने कतारबद्ध होकर ज्योत में आहुति अर्पित की और मंगलमय जीवन की कामना की। इसके बाद श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने संगीतमय संकीर्तन प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु को विभिन्न प्रकार के मिष्ठान, फल और मेवे का भोग अर्पित किया गया।

कार्यक्रम की सफलता में रमेश सारस्वत, ओम जोशी, चंद्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, विवेक ढांढनियां, विकास पाडिया, ज्ञानप्रकाश बगला सहित अन्य का विशेष सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar