पलामू क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026 का शुभारंभ
लातेहार, 17 जून (हि.स.)। पलामू क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026 का शुभारंभ बुधवार को लातेहार टाउन हॉल में हुआ। 17 जून से 19 जून तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन का उद्घाटन पलामू प्रक्षेत्र के डीआईजी कौशल किशोर और एसपी कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में पलामू प्रमंडल के विभिन्न जिलों से आए पुलिस अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीआईजी कौशल किशोर ने कहा कि बदलते अपराध के स्वरूप और तकनीकी चुनौतियों के बीच पुलिस बल को लगातार दक्ष और आधुनिक बनाना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से आयोजित ड्यूटी मीट में पुलिस कर्मियों को फॉरेंसिक विज्ञान, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, साइबर विश्लेषण, फिंगरप्रिंट परीक्षण, फोटोग्राफी और डॉग स्क्वॉड संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण में शामिल किया जा रहा है।
वहीं एसपी कुमार गौरव ने कहा कि सभी प्रशिक्षण और प्रतियोगिताएं वास्तविक मामलों (रियल केस) पर आधारित हैं, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। इस तरह के अभ्यास से पुलिस कर्मियों की अनुसंधान क्षमता, तकनीकी समझ और अपराधों के वैज्ञानिक अनुसंधान की दक्षता में वृद्धि होगी। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के प्रतिभागी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे और बेहतर पुलिसिंग के लिए नवीनतम तकनीकों और कार्यप्रणालियों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन आगे होने वाली उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए भी किया जाएगा। मौके के पर डीआईजी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह ड्यूटी मीट पुलिस बल के बीच ज्ञान, अनुभव और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच साबित होगी। इसके माध्यम से अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार आएगा और पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं जनोन्मुखी बनाने में मदद मिलेगी।
मौके पर लातेहार उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद सहित पलामू प्रमंडल के पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार