सपनों का भारत में बच्चों ने रंग और शब्दों से गढ़ी विकसित भारत की तस्वीर
पश्चिमी सिंहभूम, 23 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को केंद्रीय विद्यालय डांगुवापोसी में 'सपनों का भारत' विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विकसित भारत की अपनी कल्पना को चित्रों और विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की ओर से बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने देखा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा शामिल हुईं। विद्यालय के प्राचार्य विकास कुमार की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के अलावा अभिभावक और क्षेत्र के प्रबुद्ध लोग भी उपस्थित थेे।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ शारीरिक और मानसिक मजबूती विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी, वन और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों में भी प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
गीता कोड़ा ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने गरीब कल्याण अन्न योजना, कौशल विकास योजना, किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री आवास योजना का भी उल्लेख किया।
प्राचार्य विकास कुमार ने कहा कि चित्रकला और भाषण जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मकता और विचारों को सामने रखने का अवसर मिलता है। इससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलती है।
प्रतियोगिता के बाद विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उप प्रमुख भरत गोप, जीतू गुप्ता, परमेश्वर महतो, पीके सेट्ठी, रविराज दास, नवल सिंह, सुशीला नायक, संतोष पान, रंजन गोप, रविन्द्र बेहरा, बसंत गोप और अमित महापात्र सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण मौजूद थे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक