पारस एचईसी हॉस्पिटल में पेन मैनेजमेंट क्लिनिक शुरू
रांची, 02 अगस्त (हि.स.)। पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची ने लंबे समय से दर्द की समस्या से जूझ रहे मरीजों को विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को अत्याधुनिक पेन मैनेजमेंट क्लिनिक की शुरुआत की गई।
इस क्लिनिक में नसों के दर्द, जोड़ों के दर्द, फ्रैक्चर के बाद होने वाले दर्द, बार-बार होने वाले सिरदर्द और रीढ़ से जुड़ी दर्द संबंधी समस्याओं का आधुनिक तकनीकों के माध्यम से इलाज किया जाएगा।
हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने कहा कि लंबे समय तक दर्द को नजरअंदाज करना गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। इसका असर व्यक्ति की कार्यक्षमता और मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि समय पर विशेषज्ञ से परामर्श और उचित उपचार से मरीज दर्दमुक्त एवं बेहतर जीवन जी सकते हैं।
हॉस्पिटल में कंसल्टेंट (एनेस्थीसिया और पेन मैनेजमेंट) डॉ कुमार दुश्यंत मरीजों का उपचार करेंगे। ओपीडी का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित किया गया है। क्लिनिक में नर्व ब्लॉक एवं ट्रिगर प्वाइंट इंजेक्शन, पीआरपी और अल्ट्रासाउंड गाइडेड जॉइंट इंजेक्शन, स्पाइन पेन इंटरवेंशन तथा कैंसर पेन मैनेजमेंट एवं पेलिएटिव केयर जैसी उन्नत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar