प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों का भारत हकीकत बन रहा है: संजय सेठ
-डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा के नेताओ ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रांची महानगर जिला की ओर से सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर हरमू स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रवादी विचारों और 'अखंड भारत' के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रांची के सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जिस सशक्त, अखंड और आत्मगौरव से परिपूर्ण भारत की परिकल्पना की थी, उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया जाना डॉ. मुखर्जी के अधूरे संकल्प को पूरा करने वाला ऐतिहासिक निर्णय है।
संजय सेठ ने कहा कि डॉ. मुखर्जी सच्चे राष्ट्रभक्त थे और उन्होंने देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
रांची के विधायक सी.पी. सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और वैचारिक दृढ़ता की अनुपम मिसाल है। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना पूरा जीवन भारत माता की सेवा के लिए समर्पित किया। सीपी सिंह ने कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह डॉ. मुखर्जी के विचारों और आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए तथा 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाए।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की अवधारणा और अखंड भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री जितेंद्र वर्मा, अरुण झा, राजू सिंह, नीरज चौधरी, संकेत तिवारी, इंद्रजीत यादव, अशोक मुंडा, मुनेश्वर साहू, गोपाल सोनी सहित प्रदेश, जिला, मंडल और मोर्चा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे