अनियंत्रित ट्रेलर ने चुट्टूपालू घाटी में आधा दर्जन वाहनों को मारी टक्कर, एक की मौत

 






रामगढ़, 04 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले के चुट्टूपालू घाटी में शुक्रवार की शाम एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बड़ी तबाही मचाई। घाटी में लगभग आधा दर्जन से अधिक वाहनों को उस ट्रेलर ने टक्कर मारी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान उसने एक बाइक सवार को भी रौंद दिया। बाइक सवार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे अन्य पुलिस पदाधिकारी के साथ मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार रांची की ओर से रामगढ़ की तरफ आ रहे एक ट्रेलर आरजे 05 जीबी 8875 का घाटी में प्रवेश करते ही ब्रेक फेल हो गया। टोल गेट पार करने के बाद उसने लगभग आधा दर्शन से अधिक गाड़ियों को टक्कर मारी। कुछ गाड़ियों को रांची जिले की ओरमांझी पुलिस ने किनारे लगवाया। साथ ही रामगढ़ थाना क्षेत्र में वॉच टावर के पास पहुंचते ही ट्रेलर ने पैशन प्रो जेएच 01 डीई 6962 पर सवार एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को रौंद दिया। इस हादसे में एमआर का काम कर रहे युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

इसके अलावा उस अनियंत्रित ट्रेलर आरजे 05 जीबी 8875 ने एक मारुति स्विफ्ट कार जेएच 01 डीयू 5955, एक्सयूवी 300 जेएच 01 एफएफ 0914 और एक ट्रक एमएच 13 ईपी 6041 को टक्कर मारी। ट्रक को टक्कर मारने के बाद ही वह ट्रेलर भी सड़क पर रुका।

इस हादसे के बाद ट्रेलर आरजे 05 जीबी 8875 का चालक और खलासी फरार हो गया। साथ ही जिन छोटी गाड़ियों को अनियंत्रित ट्रेलर ने टक्कर मारी थी, उस पर सवार लोगों को भी हल्की छोटे आई हैं। लेकिन सभी गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों को सड़क से किनारे हटाया गया। साथ ही यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए भारी ट्रेलर को भी किनारे किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश