चतरा में वित्त वर्ष 26-27 में 79 वाहनों से 34.15 लाख जुर्माने की वसूली

 


चतरा, 30 सितंबर (हि.स.)।

समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने नियमित निगरानी और सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया।

जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक 26 वाहन जब्त, 18 प्राथमिकी दर्ज तथा 79 वाहनों से 34.15 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया है।

उपायुक्त ने सीसीएल के खनिज परिवहन वाहनों में एआईएस-140 प्रमाणित जीपीएस लगाकर वीटीएस पोर्टल पर पंजीकरण कराने का निर्देश दिया। बिना जीपीएस और तिरपाल के कोयला परिवहन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी लगाने को कहा गया।

सीआईएसएफ की ओर बताया कि कार्रवाई में अब तक करीब 2,000 टन कोयला और पांच हाईवा सहित अन्य वाहन और उपकरण जब्त किए गए हैं। बैठक में क्रशर, खदान और ईंट-भट्ठों पर कार्रवाई का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में एसपी अनिमेष नैथानी, डीएफओ राहुल मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी