ओरल स्क्रीनिंग और जागरूकता अभियान के तहत कैंप का आयोजन
देवघर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मुख स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे एक माह के ओरल स्क्रीनिंग और जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को राम मंदिर रोड स्थित बीपीजे मध्य विद्यालय और उच्च विद्यालय में दंत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
यह कैंप सदर अस्पताल की दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शालिनी कुमारी और डेंटल हाइजिनिस्ट की टीम ने लगाया।
कैंप के दौरान विद्यालय के लगभग 125 विद्यार्थियों के दांतों की जांच (ओरल स्क्रीनिंग) की गई। जांच के क्रम में कुछ बच्चों के दांतों में सड़न पाई गई, जिन्हें आगे के उपचार के लिए सदर अस्पताल आने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर डॉ शालिनी कुमारी ने बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने की विधि समझाई और मुंह और दांतों को स्वस्थ रखने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नियमित सफाई, संतुलित खान-पान और समय-समय पर दंत जांच कराने के महत्व पर भी जोर दिया।
वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ शरद कुमार ने बताया कि ओरल स्क्रीनिंग अभियान समाप्त होने में अब एक सप्ताह शेष है। ऐसे में अधिक से अधिक विद्यालयों में कैंप आयोजित करने और जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की भी ओरल स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में पदस्थापित सभी दंत चिकित्सा पदाधिकारी और सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को इस अभियान में लगाया गया है। कार्यक्रम में बीपीजे उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमित सिंह, मध्य विद्यालय की प्राचार्या कंचन सिंह सहित कई शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy