सुरक्षित बचपन अभियान के तहत स्कूलों में जागरूकता और प्रतियोगिताओं का आयोजन

 




रामगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनकी सुरक्षा और बाल अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी।

इस संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार रामगढ़ मो. तौफीकुल हसन के मार्गदर्शन तथा प्राधिकार के सचिव अनिल कुमार के निर्देशानुसार डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल एनटीएस बरकाकाना, नारायण हाई स्कूल बरकाकाना और आदर्श मध्य विद्यालय बरकाकाना के प्रधानाचार्यों से विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन का अनुरोध किया गया है।

अभियान के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में डालसा की ओर से चीफ एलएडीसी सुजीत कुमार सिंह, असिस्टेंट एलएडीसी मोहन महतो और लॉ स्टूडेंट प्रिया भारती की उपस्थिति में बच्चों को जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन डीएवी बरकाकाना की छात्रा लावण्या कुमारी ने किया। विद्यालयों में प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, निबंध लेखन सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।

अभियान में बाल यौन शोषण से संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी और अन्य प्रकार के शोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। साथ ही बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान, साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग तथा इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों से बच्चों के अधिकारों की रक्षा तथा बाल शोषण की रोकथाम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश