झारखंड इनक्यूबेटर आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन
देवघर, 30 सितंबर (हि.स.)। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सौजन्य से बुधवार को जिला स्तरीय झारखंड इनक्यूबेटर आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सारठ विधायक उदय शंकर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा मौजूद रहे।
विधायक उदय शंकर सिंह ने कहा कि देवघर की सखी मंडल की दीदियों में हुनर की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है। जेएसएलपीएस और आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क के सहयोग से महिला उद्यमियों को आधुनिक व्यवसाय का प्रशिक्षण दिया जाएगा। चयनित उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार के लिए 10 लाख रुपये तक का अनुदान या ब्याज-मुक्त ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को गैर-कृषि क्षेत्र में उद्यमिता के लिए सशक्त बनाना है। इसके तहत प्रशिक्षण, मेंटरशिप, वित्तीय सहायता, बाजार संपर्क, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और आधुनिक तकनीक की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को मजबूत करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने जेएसएलपीएस कर्मियों को गांव-गांव जाकर योग्य महिला उद्यमियों की पहचान करने और उन्हें योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि इच्छुक पात्र महिलाएं 30 सितंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
कार्यक्रम में डीआरडीए निदेशक सागरी बराल, जेएसएलपीएस डीपीएम, आईआईएम कलकत्ता के प्रतिनिधि, एसबीआई आरसेटी के अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, जेएसएलपीएस की टीम, स्वयं सहायता समूह की दीदियां एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy