चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर रांची में ऑरेंज अलर्ट, तूफान और भारी बारिश की आशंका

 


रांची, 27 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को देखते हुए रांची जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को जिले में भारी बारिश, तेज आंधी-तूफान और वज्रपात की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस संभावित खतरे से निपटने के लिए उपायुक्त ने समाहरणालय में जिला आपदा समिति की बैठक की।

बैठक में जिला आपदा प्रबंधन के नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे कई इलाकों में जलजमाव होने, पेड़ गिरने और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 28 और 29 अक्टूबर को बेवजह घर से बाहर न निकलें और अनावश्यक यात्रा करने से बचें। तेज हवा और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान में न रहें। अगर कहीं बिजली का तार टूटकर गिरा हो या पेड़ गिरने का खतरा हो, तो उसके पास जाने से बचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे