रांची समेत पांच जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
रांची, 23 सितंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव के प्रभाव से गुरुवार को रांची समेत झारखंड के पांच जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए बुधवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, गुमला और खूंटी में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर-पश्चिमी जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने संबंधित जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। 25 सितंबर को भी कई जिलों में वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। 26 से 29 सितंबर तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 50.2 मिलीमीटर बारिश सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में दर्ज की गई। पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस और रांची के कांके में न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में तड़के से मूसलाधार बारिश शुरु हुई, जो दोपहर तक रुक-रुककर जारी रही। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और दिनभर मौसम ठंडा रहा।
बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 33 और न्यूनतम 24.8 डिग्री, डाल्टनगंज में 34.7 और 26.1 डिग्री, बोकारो में 32.5 और 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में 31.4 और 24 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak