झारखंड के कई जिलों में 21 और 22 को आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट
रांची, 20 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में 21 और 22 सितंबर को गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने रविवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं विभाग की ओर से 23 सितंबर को राज्य के उत्तर पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों के अलावा दक्षिण पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही इन जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने 26 सितंबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश धनबाद जिले के पुटकी में 63.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 35.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी दर्ज की गई। बादल छाने से लोगों को गर्मी और भारी उमस से राहत मिली।
रांची में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.2 और न्यूनतम 25.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.2 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.4डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak