रांची समेत झारखंड के पांच जिलों में 31 अगस्त को बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
रांची, 29 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में मानसून के सक्रिय रहने के बीच राजधानी रांची समेत राज्य के पांच जिलों में 31 अगस्त को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार रांची के अलावा खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। दो सितंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इस दौरान कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इसे लेकर संबंधित क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आकाशीय बिजली की आशंका के दौरान खुले स्थानों, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में बारिश हुई। इस दौरान लातेहार जिले के बालूमाथ में सबसे अधिक 110 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं राज्य में इस अवधि का सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में सबसे कम तापमान रांची के कांके में 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शनिवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही भारी बारिश हुई। सुबह के बाद दिन में भी कई इलाकों में रुक-रुककर अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश के कारण राजधानी के मौसम में ठंडक रही और लोगों को उमस से राहत मिली।
शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.8 डिग्री और न्यूनतम 26.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.2 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.4 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak