झारखंड के सात जिलों में 01 सितंबर को भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट

 




रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। राज्य के सात जिलों में 01 सितंबर को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

राज्य के जिन जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है उनमें राज्य के उत्तर पश्चिमी जिले लातेहार, गढ़वा, पलामू, मध्यवर्ती जिले लोहरदगा एवं गुमला तथा दक्षिणी जिले सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश लातेहार जिले के महुआडांड में 171 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान बोकारो में 34.1 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची में 01 जून से 31 अगस्त तक 1023.4 मिलीमीटर, जमशेदपुर में 900.3 मिमी, डाल्टनगंज में 888.6 मिमी, बोकारो में 618 मिमी और चाईबासा में 1057.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से रुक रुक कर हल्की बारिश होती रही। बारिश होने से वातावरण में ठंड महसूस की गई।

टेम्परेचर अपडेट

सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33.2 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.5 और न्यूनतम 25.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.1 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak