ऑपरेशन भरोसा: चतरा पुलिस ने बरामद किए 18 गुम मोबाइल, वास्तविक धारकों को सौंपे

 


चतरा, 25 अगस्त (हि.स.)। आमजनों में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने और गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के उद्देश्य से चतरा पुलिस द्वारा चलाए गए “ऑपरेशन भरोसा” के तहत बड़ी सफलता हासिल की गई है। एक माह तक चले विशेष अभियान में चतरा समेत अन्य जिलों से गुम हुए कुल 18 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों ने गुम मोबाइल से संबंधित दर्ज सनहा एवं सीइआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।

बरामद मोबाइल फोन को मंगलवार को चतरा समाहरणालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया गया। थाना वार बरामद मोबाइल में पिपरवार से दो, गिद्धौर से एक, हंटरगंज से पांच, सिमरिया से दो, लावालौंग से एक, वशिष्ठनगर से एक, राजपुर से एक, इटखोरी से दो और पत्थलगडा से तीन मोबाइल शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों को सीइआईआर पोर्टल के उपयोग और गुम मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी सीइआईआर पोर्टल के प्रति जागरूक करने की अपील की। मोबाइल वापस मिलने पर वास्तविक धारकों ने चतरा पुलिस के प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति विश्वास व्यक्त किया। पुलिस ने कहा कि आमजनों की सेवा, गुम संपत्ति की बरामदगी और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी