ऑपरेशन भरोसा के तहत एसपी ने 61 गुम हुए मोबाइल बरामद कर असली मालिकों को सौंपा
रामगढ़, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले में आमजनों में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन भरोसा’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। अभियान के तीसरे चरण में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 61 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
पुलिस के अनुसार, सभी थाना और ओपी प्रभारियों को गुम हुए मोबाइल से संबंधित दर्ज सनहा और सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाकर मोबाइल बरामद करने का निर्देश दिया गया था। अभियान के तहत रामगढ़ जिले के अलावा रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा सहित अन्य जिलों से कुल 61 मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस की ओर से जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
बरामद 61 मोबाइल में रामगढ़ थाना से ०7, रजरप्पा थाना से ०7, पतरातू थाना से 10, मांडू थाना से ०4, गोला थाना से ०5, भुरकुंडा ओपी से ०7, बरकाकाना ओपी से ०5, बासल थाना से ०1, बरलंगा थाना से ०3, कुज्जू ओपी से ०5, वेस्ट बोकारो ओपी से ०3 और भदानीनगर ओपी से ०4 मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि ‘ऑपरेशन भरोसा’ के प्रथम चरण में 125, द्वितीय चरण में 59 और तृतीय चरण में 61 मोबाइल बरामद किए गए हैं। इस प्रकार अब तक अभियान के तीन चरणों में कुल 245 गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया जा चुका है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ ने उपस्थित लोगों को सीईआईआर पोर्टल के उपयोग और गुम हुए मोबाइल फोन की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी गुम मोबाइल की शिकायत दर्ज कराने और सीईआईआर पोर्टल के प्रति जागरूक करें।
मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने रामगढ़ पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। पुलिस ने कहा कि आमजनों की सेवा, गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और जनविश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश