गोड्डा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गोड्डा, 05 जून (हि.स.)। गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड्डा-महागामा राष्ट्रीय राजमार्ग-133 स्थित गम्हरिया पुलिया के समीप शुक्रवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मोहम्मद जुल्फिकार के रूप में की गई है। परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, मोहम्मद जुल्फिकार गुरुवार शाम जयपुर जाने के लिए रांची बस पकड़ने के उद्देश्य से घर से निकला था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह गांव से करीब 500 मीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक डोभा के पास उसका शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटनास्थल की स्थिति को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। मृतक के कपड़े और बैग डोभा में पड़े मिले, जबकि शव केवल अंडरवियर में था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शौच के लिए निकले एक ग्रामीण की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कुछ ही देर बाद मृतक के पिता शेख मुसीम भी वहां पहुंचे और शव की पहचान अपने पुत्र के रूप में की।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग को बांस-बल्ली लगाकर जाम करने का प्रयास किया। हालांकि सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, पुलिस निरीक्षक उमेश महतो और महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि जुल्फिकार की पहले बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उनका दावा है कि मृतक के शरीर और पैरों पर चोट के निशान भी मौजूद थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मोहम्मद जुल्फिकार परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। लगभग एक वर्ष पूर्व उसका विवाह हुआ था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर गहरा संकट आ गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, जबकि परिजन और ग्रामीण सुनियोजित हत्या की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
इस संबंध में थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार