अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार
दुमका, 09 मई (हि.स.)। जिले के काठीकुंड पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेेजी शराब जब्त करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपित जामताड़ा जिले के जामताड़ा थाना क्षेत्र के उदलबानी गांव निवासी लखन महतो बताया गया है।
थाना प्रभारी बलराम सिंह ने शनिवार को बताया कि सूचना मिली थी कि एक सफेद एवं ब्लू रंग का महिन्द्रा पिकअप वाहन (जेएच-10 बीजी-3014) में बंगाल से दुमका के रास्ते बिहार खपाने को अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। इस आशय का सनहा दर्ज करते हुए वरीय पदाधिकारी को सूचित किया गया।
वरीय पदाधिकारी के आदेशानुसार गश्ती पदाधिकारी एसआई मानकी हाईबुरु को श्रीदानीनाथ मंदिर के पास वाहन चेकिंग करने के लिए निर्देशित किया। जिसके बाद अवैध रूप से तस्करी को लेक जा रहे इंग्लिश शराब ब्लू रंग के तिरपाल से ढका पिकअप वाहन को पकड़ा। उक्त वाहन के चालक ने अपना नाम लखन महतो बताया। बताया कि पिकअप में लोड शराब जामताड़ा जिले के जामताड़ा थाना क्षेत्र के फागुडीह गांव निवासी निवासी मनोज कुमार मंडल का है। जिसे पश्चिम बंगाल के मुराराई थाना के राजग्राम एरिया से लोड किया था।
पिकअप में लोड सामाग्री का जांच करने पर तिरपाल से बांधा हुआ खाली कार्टून से ढका हुआ शराब का कार्टून लोड पाया। कॉटून को एक-एक कर खोलने पर ऑफिसर चॉइस जिसमें फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश ओनली लिखा हुआ कागज का पाउचनूमा -180 एमएल का विस्की पाया गया। ।
इस संबंध में पिकअप वाहन के चालक एवं तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपित चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार