प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा ने चलाया सेवा, समर्पण और कृतज्ञता अभियान

 


रामगढ़, 18 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भाजपा रामगढ़ जिला के तत्वावधान में सेवा, समर्पण और कृतज्ञता की भावना के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की लोकसेवा और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं ने ‘रक्तदान महादान’ और ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के माध्यम से सेवा और शुभकामनाओं का संदेश दिया।

सदर अस्पताल परिसर में स्थित ब्लड बैंक परिसर में जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, मंगलमय और दीर्घायु जीवन की कामना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और लाभुकों ने अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। साथ ही घर-घर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं दी गईं। जिले के विभिन्न मंडलों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और लाभुकों ने अभियान में सहभागिता निभाई।

जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि ‘रक्तदान महादान’ सेवा और मानवता का संदेश देता है, जबकि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति शुभकामना की अभिव्यक्ति है। दोनों अभियानों के माध्यम से सेवा को संकल्प और संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी और जगेश्वर प्रजापति सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश