जनगणना 2027 के हाउस लिस्टिंग कार्यों में तेजी लाएं पदाधिकारी कर्मी : नगर आयुक्त

 


रांची, 02 जून (हि.स.)। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस (एचएलओ) कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को नगर आयुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे जनगणना कार्यों की प्रगति, फील्ड स्तर की चुनौतियों और समयबद्ध निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर उन्होंने दो टूक अधिकारी पदाधिकारियों से कहा कि जनगणना 2027 के हाउस लिस्टिंग कार्यों में हर हाल में तेजी लाएं। नगर आयुक्त

सुशांत गौरव ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और चार्ज अधिकारियों को जनगणना कार्यों में अपेक्षित गति लाने एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी गतिविधियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतिगत निर्णयों का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसकी गुणवत्ता, शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

बैठक में प्रगणकों और सुपरवाइजरों को फील्ड में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं की भी समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने डेटा संकलन, डिजिटल एंट्री, मोबाइल एप्लीकेशन संचालन और अन्य तकनीकी बाधाओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

उन्होंने चार्ज अधिकारियों को फील्ड कर्मियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। सुशांत गौरव ने कहा कि कुछ क्षेत्रों में नागरिकों द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जनगणना के महत्व से अवगत कराया जाए।

बैठक में केश्य नाइक आर, उप निदेशक सह उप मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी, चार्ज ऑफिसर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar