एसआईआर कार्य में लापरवाही बरतने पर डीसी ने किया अधिकारियों को शोकॉज

 


रांची, 10 नवंबर (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसकी तैयारियों और निर्वाचन अभिलेखों के सुरक्षित संधारण को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय में समीक्षा बैठक की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने फॉर्म-6 के निष्पादन की भी समीक्षा करते हुए सभी एआरओ और एईआरओ को मतदाता सूची की गहन जांच कर निर्धारित समय-सीमा में लंबित कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं इस दौरान नो मैपिंग और तार्किक विसंगति से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन एवं फॉर्म, नोटिस और सुनवाई संबंधी दस्तावेजों को व्यवस्थित तथा सुरक्षित रखने पर जोर दिया। कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर एलआरडीसी बुंडू छवि बाला और अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम को शोकॉज करने का निर्देश दिया।

तीन दिनों में सुधार नहीं होने पर निलंबन की चेतावनी दी गई। जिला औसत से नीचे प्रदर्शन करने वाले विधानसभा क्षेत्रों के एईआरओ को भी शोकॉज किया जाएगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को कार्यालयों में बिचौलियों पर रोक, आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और शिकायतों के समयबद्ध समाधान का निर्देश दिया। आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों में संबंधित अंचल अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की चेतावनी भी दी। इसके अलावा छठ घाटों की सफाई और छठ समितियों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar