समन्वय बनाकर अधिकारी लोगों को दे योजनाओं का लाभ : रामेश्वर
रामगढ़, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले का आंतरिक विकास तभी संभव है जब सभी विभाग के अधिकारी समन्वय बनाकर लाभुकों तक योजना पहुंचाएं यह बातें बुधवार को रामगढ़ दौरे पर पहुंचे झारखंड विधानसभा की आंतरिक संसाधन और केंद्रीय सहायता समिति केे सभापति रामेश्वर उरांव ने कही।
सर्किट हाउस में समिति के सभापति रामेश्वर उरांव और सदस्य आलोक कुमार ने सभी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिले में आंतरिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण, केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने विभागवार कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष बल दिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने समिति के समक्ष जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, केंद्रीय सहायता से संचालित परियोजनाओं, राजस्व संग्रहण, आधारभूत संरचना विकास सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और चुनौतियों से भी समिति को अवगत कराया। समिति के सभापति ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी संचालन और संसाधनों के अधिकतम उपयोग का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश