एसआईआर के हर आवेदन का निष्पक्ष और विधिसम्मत निष्पादन करें अधिकारी : उपायुक्त

 


रांची, 31 जुलाई (हि.स.)। समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक हुई।

बैठक का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अंतर्गत इन्यूसमरेशन फेज पूरा होने के बाद प्राप्त होने वाले दावा और आपत्ति संबंधी आवेदनों के भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित करना था।

बैठक में रांची जिला के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचन निबंधक पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक सुमन, सभी सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाना है। इस उद्देश्य की पूर्ति में दावा और आपत्ति की प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी निर्वाचन निबंधक पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में निष्पाादन करें। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

बैठक में दावा एवं आपत्ति के विभिन्न प्रकार के मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के परीक्षण, सत्यापन की कार्यप्रणाली, समय-सीमा के अनुपालन और आयोग की ओर से निर्धारित कानूनी एवं प्रक्रियात्मक प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। सभी संबंधित पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करें, जिससे रांची जिले की मतदाता सूची अधिकाधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak