मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में दायित्वों का निर्वहन करें अधिकारी : के रवि कुमार

 




रांची, 03 जुलाई (हि.स.)। झारखंड मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुक्रवार को निर्वाचन सदन से राज्य के सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, उप निर्वाचन पदाधिकारियों और बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ ऑनलाइन माध्यम से गूगल मीट के माध्यम से बैठक की।

बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ की ओर से गणना प्रपत्र भरवाए जाने और इसके डिजिटाइजेशन से संम्बंधित सभी शंकाओं एवं पृच्छा को पीपीटी के माध्यम से बताया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कुमार ने कहा कि बीएलओ की ओर से घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिया जा रहे हैं। इसके साथ साथ इसे डिजिटाइजेशन के भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपन नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता जो 2026 के मतदाता सूची में शामिल हैं उनके नाम से गणना प्रपत्र के 02 कॉपी छपेंगे और प्रत्येक मतदाता जो अपना गणना प्रपत्र भरकर एवं हस्ताक्षर कर अपने बीएलओ या ऑनलाइन माध्यम से जमा करेंगे उनका नाम 05 अगस्त के मतदाता सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी क्षेत्र में कार्य कर रही बीएलओ का सहयोग करें और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में दिए गए दायित्वों का निर्वहन करें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि कार्यालय की ओर से मतदाताओं और निर्वाचन के विभिन्न स्टेकहोल्डर की ओर से पूछे जाने वाले सामान्य प्रश्नों एवं जागरूक करने के लिए सामान्यतः पूछे जाने वाले प्रश्नों की सीरीज़ जारी किए गए हैं। इस सीरीज के तहत सभी सामान्य प्रश्नों और उत्तरों के माध्यम से पदाधिकारी मतदाताओं के बीच उठने वाले शंकाओं का निवारण करें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जल्द ही इसकी तीसरी सीरीज भी जारी की जाएगी।

इस अवसर पर राज्य ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित निर्वाचन विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे