श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र के शुभ आगमन दिवस पर निकली भव्य शोभायात्रा

 


देवघर, 02 सितंबर (हि.स.)। श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी के शुभ आगमन दिवस समारोह का आयोजन बुधवार को धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ किया गया।

इस अवसर पर सत्संग आश्रम से सुबह भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की आकर्षक झांकी देखने के लिए शहर के विभिन्न मार्गों पर लोगों की भीड़ जुटी रही।

शोभायात्रा में देश के विभिन्न राज्यों के कोने-कोने से पहुंचे श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी के सैकड़ों अनुयायी शामिल हुए। इस दौरान जगह-जगह गुरुजी के भजनों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा में पश्चिम बंगाल, ओडिशा और नॉर्थ ईस्ट के अनुयायियों की विशेष उपस्थिति देखने को मिली।

अनुयायियों के हाथों में विभिन्न धार्मिक संदेशों और स्लोगन वाले बैनर थे। वहीं माइक के माध्यम से ठाकुर जी की ओर से दिए गए ज्ञान, विचार और मार्गदर्शन का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित अनुयायियों के बीच विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिली।

शोभायात्रा में बैंड-बाजे और ढोल की धुन पर अनुयायी झूमते-नाचते नजर आए और लगातार वंदे पुरुषोत्तम श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी की जय के जयकारे लगाते रहे। शोभायात्रा सत्संग आश्रम से निकलकर नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुनः आश्रम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy