जेएलकेएम सहित अन्य संगठनों ने झारखंड बंद का किया समर्थन, निकाला मशाल जुलूस
रांची, 05 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड की जाति जनगणना में ओबीसी और उपजातियों के लिए अलग कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर छह अक्टूबर 2026 को रांची, खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा और गुमला जिले में प्रस्तावित बंद को झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) सुप्रीमो सह विधायक जयराम महतो, लोकहित अधिकार पार्टी, सहित अन्य सामाजिक संगठनों ने झारखंड बंद का समर्थन किया है। साथ ही खूंटी और सिमडेगा सहित कई जिलों में बंद की पूर्व संध्या पर मशाल जुलूस निकाला गया।
इस संबंध में विधायक जयराम महतो ने कहा है कि जेएलकेएम इस बंदी का नैतिक समर्थन करती है। जाति जनगणना में एससी-एसटी की तर्ज पर ओबीसी और सभी उपजातियों की गणना के लिए स्पष्ट कॉलम होना चाहिए। इससे विभिन्न सामाजिक वर्गों की वास्तविक जनसंख्या का आंकड़ा सामने आएगा और शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी से जुड़ी नीतियां बनाने में मदद मिलेगी।
वहीं लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू ने कहा कि पांच अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित मशाल जुलूस और छह अक्टूबर की बंदी को पार्टी का समर्थन रहेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और केंद्रीय चुनाव आयोग को पत्र भेजकर ओबीसी और उपजातियों के लिए अलग कॉलम जोड़ने एवं परिसीमन लागू करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar