हाइवा एसोसिएशन के आंदोलन से हाई-कैपेसिटी ट्रेलरों का परिचालन बंद
चतरा, 24 अगस्त (हि.स.)। एनएच-119डी निर्माण कार्य के लिए टंडवा एनटीपीसी से पोंड ऐश की ढुलाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। हाइवा एसोसिएशन के आंदोलन के बाद हाई-कैपेसिटी ट्रेलरों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है। इसका सीधा असर एनटीपीसी पावर प्लांट से निकलने वाली फ्लाई ऐश की ढुलाई पर पड़ रहा है। मामले को लेकर एनएचएआई ने चतरा उपायुक्त को पत्र भेजकर तत्काल प्रशासनिक एवं पुलिस हस्तक्षेप की मांग की है।
एनएचएआई के अनुसार 10 अगस्त से चल रहे हाइवा क्षेत्र छोड़ो आंदोलन के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित है। आरोप है कि हाई-कैपेसिटी ट्रेलरों के स्थान पर 16-व्हीलर हाइवा से राख की ढुलाई कराने का दबाव बनाया जा रहा है। एनएचएआई ने बताया कि एनएच-119डी परियोजना के लिए प्रतिदिन करीब 8 से 10 हजार टन पोंड ऐश की आवश्यकता है। ढुलाई बाधित रहने से प्रतिदिन पांच लाख रुपये से अधिक का अतिरिक्त खर्च हो रहा है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार एनटीपीसी का फ्लाई ऐश डाइक लगभग भर चुका है। यदि समय रहते इसे खाली नहीं कराया गया तो राख के भंडारण की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इससे आगे चलकर बिजली उत्पादन भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
एनएचएआई ने जिला प्रशासन से एनटीपीसी परिसर तथा टंडवा-सिमरिया मुख्य मार्ग से अवरोध हटाने और पोंड ऐश की ढुलाई में लगे ट्रांसपोर्टरों को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतिलिपि चतरा एसपी सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। अब प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद ही पोंड ऐश ढुलाई शुरू होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी