एनएसयूआई ने स्थापना दिवस पर किया झंडारोहण और पौधारोपण

 


देवघर, 09 अप्रैल (हि.स.)। एनएसयूआई की ओर से जिला अध्यक्ष रवि वर्मा के नेतृत्व में देवघर जिले में एनएसयूआई का 56वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर झंडारोहण एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष रवि वर्मा की ओर से झंडारोहण कर सलामी देने के साथ हुई। इस दौरान उन्होंने देवघर में एनएसयूआई संगठन को नए आयाम तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर रवि वर्मा ने बताया कि भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 9 अप्रैल 1971 को केरल छात्र संघ और पश्चिम बंगाल छात्र संघ परिषद को मिलाकर एनएसयूआई छात्र संगठन की स्थापना की थी। तभी से प्रत्येक वर्ष 9 अप्रैल को स्थापना दिवस मनाया जाता है।

वहीं देवघर युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष भारद्वाज ने कहा कि एनएसयूआई पांच दशकों से अधिक समय से छात्र राजनीति में सक्रिय है और देश के प्रमुख छात्र संगठनों में शामिल है। उन्होंने कहा कि संगठन ने छात्र अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए शिक्षा क्षेत्र में कई सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है तथा छात्रों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। झंडारोहण कार्यक्रम के बाद स्थापना दिवस के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान दर्जनों पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छात्रों को प्रकृति के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष सैफ दानिश, सुनील यादव, नगर अध्यक्ष आदर्श केशरी, जिला महासचिव आलिम अंसारी, पिंटू यादव, जिला सचिव आमिर अंसारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy