कुख्यात नक्सली मुकेश गंझू गिरफ्तार

 


लातेहार, 05 जून (हि.स.)। लातेहार जिले की पुलिस ने भाकपा माओवादी संगठन के कुख्यात नक्सली मुकेश गंझू को गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तार मुकेश गंझू, चंदवा थाना क्षेत्र के बजरीमरी-बेलगढ़ा गांव का रहने वाला है। कुल नौ आपराधिक मामलों में वांछित था, जिनमें हत्या, आगजनी, फायरिंग और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि नक्सली मुकेश अपने गांव की ओर आया हुआ है । इसी सूचना के बाद पुलिस की टीम बनाकर मुकेश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली पर अलग-अलग थाना क्षेत्र में नक्सली हिंसा के कई मामले में दर्ज हैं । साथ ही जमुआरी गांव के वन रक्षा समिति सदस्य प्रद्युम्न यादव की हत्या में शामिल होने का आरोप है।

इसके अलावा वर्ष 2022 में चंदवा थाना क्षेत्र के कठपुलिया के पास आगजनी, 2023 में लपरा रेलवे पुल पर आगजनी, 2024 में सड़क निर्माण कार्य में लगी जेसीबी पर फायरिंग, तथा विभिन्न निर्माण स्थलों पर पर्चा छोड़कर रंगदारी मांगने जैसे मामलों में भी इस पर मामले दर्ज हैं। यह कुख्यात नक्सली रविन्द्र गंझू का खास सहयोगी बताया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार