रामगढ़ और बड़कागांव विस में 1.75 लाख वोटर को जारी होगा नोटिस : डीसी
रामगढ़, 11 अगस्त (हि.स.)। जिले में मतदाता सूची का विशेष गहण पुनरीक्षण कार्य काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि रामगढ़ और बड़कागांव विधानसभा में 1,74,737 वोटर को नोटिस जारी किया जाएगा। इतने लोगों के नाम में या तो गड़बड़ी है या उनके परिवार के सदस्यों के साथ उनकी मैपिंग नहीं हो पाई है या फिर जिन लोगों ने फॉर्म भरा है, उसमें तकनीकी तौर पर त्रुटि पाई गई है। यह जानकारी मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डीसी ऋतुराज ने दी।
उन्होंने बताया कि 05 अगस्त को ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल का पब्लिकेशन कर दिया गया है। अब का समय क्लेम फाइल करने और ऑब्जेक्शन देने का है। 03 अक्टूबर तक किसी भी प्रकार की आपत्ति का निवारण होगा। इस दौरान जिन मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटे हैं, उन्हें वैध दस्तावेजों के साथ पूरी जानकारी देनी होगी।
डीसी ने बताया कि बड़कागांव विधानसभा में कुल 3,90,873 वोटर थे। इनमें से 3,15,946 वोटर ही डिजिटाइज्ड हुए हैं। रामगढ़ विधानसभा में कुल 3,64,582 वोटर थे, जिनमें 3,06, 175 वोटर ही डिजिटाइज्ड हुए हैं। दोनों विधानसभा में 23,533 वोटर ऐसे मिले हैं जिनके परिवार का कोई ट्रेस नहीं मिला है। 15,802 ऐसे वोटर हैं जो एक समान दिखने वाले हैं। सभी बूथ पर जब बीएलओ ने एन्यूमरेशन फॉर्म बांटा तो 1,35, 402 फॉर्म वापस नहीं हो पाया। कुल मिलाकर 1,74,737 ऐसे वोटर हैं जिनके बारे में प्रशासन अब आपत्ति दर्ज कर नोटिस जारी कर रहा है।
डीसी ने बताया कि 05 अगस्त को ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल का प्रकाशन कर दिया गया है। जिन मतदाताओं का नाम किसी भी कारण से वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है, उन्हें अब अपना नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरना ही होगा। इस दौरान उन्हें निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किए गए 12 दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।
डीसी ने बताया कि बड़कागांव और रामगढ़ विधानसभा में नोटिस के साथ उपस्थित होने वाले वोटर के बारे में अधिकारी जानकारी जुटाएंगे। इसके लिए ईआरओ, एईआरओ और एडिशनल एईआरओ को जिम्मेदारी दी गई है।
बड़कागांव विधानसभा में केरेडारी सीओ विपिन चंद्र विश्वास, केरेडारी बीडीओ विवेक कुमार, बड़कागांव सीओ मनोज कुमार, बीडीओ जितेंद्र कुमार मंडल, पतरातू सीओ मनोज कुमार चौरसिया, डीएसओ रामगढ़ निशा कुमारी सिंह, पतरातू बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता, डीटीओ राजेश एक्का और एलआरडीसी दीप्ति प्रियंका कुजूर को जिम्मेदारी सौंप गई है। रामगढ़ विधानसभा में अपर समाहर्ता मनिंदर भगत, रामगढ़ एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, रामगढ़ सीओ रमेश रविदास, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ प्रसाद, दुलमी बीडीओ अमित मिश्रा, सीओ किशोरी यादव, चितरपुर सीओ दीपक मिंज, चितरपुर बीडीओ सुधा वर्मा, एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट अरुण कुमार खलको और गोला सीओ सीताराम महतो को नियुक्त किया गया है।
डीसी ने बताया कि परिवार के कुछ सदस्यों का नाम दूसरे मतदान केंद्र में भी चला गया है। अगर सभी परिवार के सदस्य एक ही बूथ पर मतदाता सूची में शामिल होना चाहते हैं तो फॉर्म 8 भरकर उन्हें जमा करना होगा। यह मतदाताओं की सुविधा के लिए ही किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश