पॉक्सो मामले में विधायक भूषण बाड़ा पर एसटी आयोग सख्त, मुख्य सचिव समेत तीन अधिकारियों को नोटिस

 


-नाबालिग किशोरी से कथित दुष्कर्म के मामले में सात दिनों के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी

रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ नाबालिग किशोरी से कथित दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने कड़ा संज्ञान लिया है।

आयोग ने इस संबंध में झारखंड के मुख्य सचिव, रांची के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को नोटिस जारी किया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों से सात दिनों के भीतर मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने सोमवार को इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग ने संबंधित पदाधिकारियों से मामले में अब तक की गई कार्रवाई और अन्य आवश्यक तथ्यों की रिपोर्ट मांगी है।

आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित सात दिनों की अवधि में यदि संबंधित अधिकारियों का जवाब प्राप्त नहीं होता है तो उन्हें आयोग के समक्ष उपस्थित होने के लिए समन जारी किया जा सकता है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे