रांची में लगातार बारिश से जलजमाव, कई इलाकों में यातायात प्रभावित

 




रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश से शुक्रवार को शहर की कई प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में जलजमाव हो गया। सड़कों पर पानी जमा रहने से वाहनों की रफ्तार धीमी रही और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। लोगों को सामान्य आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर के एजी मोड़, कडरू, कोकर, डोरंडा, सुरेंद्रनाथ स्कूल के आसपास, स्टेशन रोड, नामकुम और चुटिया सहित कई इलाकों में बारिश का असर साफ दिखा। कई जगह सड़क और नाली का अंतर खत्म हो गया तथा नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। पैदल राहगीरों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।

लगातार बारिश के बीच कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से यातायात बाधित हुआ। बिजली के तार टूटने से कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। संबंधित विभागों की टीमें जलजमाव, गिरे पेड़ों और बिजली संबंधी समस्याओं को दूर करने में जुटी रहीं।

बारिश का असर शहर के कारोबार पर भी पड़ा। सड़क किनारे दुकान लगाने वाले, रेहड़ी-पटरी कारोबारी और दैनिक मजदूरों को कामकाज में परेशानी हुई। बारिश के कारण बाजारों में लोगों की आवाजाही भी कम रही।

मोहल्लों और कॉलोनियों की अंदरूनी सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों को घरों से निकलने में भी दिक्कत हुई। कई जगह बड़े पेड़ गिरने और अन्य घटनाओं से भी परेशानी बढ़ी।

बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से पिछले दो-तीन दिनों से झारखंड में बारिश का दौर जारी है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 25 और 26 सितंबर को बारिश का असर बना रह सकता है। 27 सितंबर से मौसम में सुधार की संभावना है, जबकि 28 सितंबर से बारिश में राहत मिलने की उम्मीद है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे