आर्थिक अभाव से अब किसी भी बच्चे की जान नहीं जाएगी : इरफान
रांची, 10 अप्रैल (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण राज्य में अब किसी भी बच्चे की जान नहीं जाएगी। पहले गंभीर हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को इलाज के लिए राज्य से बाहर भेजना पड़ता था, लेकिन अब सरकार का प्रयास है कि झारखंड में ही उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मंत्री शुक्रवार को स्टेट लेवल कांफ्रेंस ऑन केयरिंग फॉर चिल्ड्रेन विद हार्ट डिजीज कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
सदर अस्पताल स्थित ऑडिटॉरियम में आयोजित कार्यक्रम के दूसरी पाली में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में राज्य के विभिन्न जिलों में व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए जाएंगे ताकि दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले अधिक से अधिक बच्चों को चिन्हित कर समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि दूर दराज से आनेवाले पीडितों को शिविर में मुफ्त में इलाज की जा रही है। केरल के अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों सभी बच्चों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क कर रहे हैं। ताकि जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक सहित विभिन्न जिलों से आए अभिभावक मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar