राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे की तैयारियों में जुटी भाजपा, प्रदेश कार्यालय में बनी रणनीति

 


रांची, 03 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छह और सात जून को प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के बाद भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दो दिवसीय दौरे को लेकर पार्टी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य दौरे से संबंधित सभी कार्यक्रमों की रणनीति तय करना और उनके सफल क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित करना था।

बाऊरी ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई और विभिन्न नेताओं एवं पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद यह उनका पहला झारखंड दौरा होगा, इसलिए इसे लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

भाजपा महामंत्री ने कहा कि अपने प्रवास के दौरान नितिन नवीन पार्टी की कई संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। इसके अलावा वे विभिन्न सामाजिक और गैर-राजनीतिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। प्रदेश भाजपा का मानना है कि इस दौरे से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।

अमर कुमार बाऊरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का रांची और झारखंड से विशेष लगाव रहा है। उनका जन्म रांची में हुआ और उनकी उच्च शिक्षा भी यहीं से हुई है। ऐसे में झारखंड उनके लिए कोई नया प्रदेश नहीं है, बल्कि यह उनकी कर्मभूमि और भावनात्मक रूप से जुड़ा क्षेत्र है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों में भी उत्सुकता देखी जा रही है। यह दौरा संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बैठक में रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, सांसद मनीष जायसवाल, वरिष्ठ विधायक सी.पी. सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, विधायक रोशनलाल चौधरी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, रांची के डिप्टी मेयर नीरज कुमार सहित रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी और रामगढ़ इकाइयों के पदाधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे