रांची नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, भूमि कराई कब्जामुक्त
रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की बात पर गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि की मापी की तथा सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अभियान के दौरान कई अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने भू-संपदा शाखा के साथ संयुक्त रूप से शनि मंदिर (हरमू मार्ग) से मुक्तिधाम तक सड़क की मापी कर पूर्व में अधिग्रहित भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित किया।
इस दौरान दुकानों द्वारा सड़क और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध विस्तार, सीढ़ियां, शेड तथा अन्य अतिक्रमणकारी संरचनाओं को हटाया गया, जिससे सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जा सके।
अभियान के तहत पंजाबी भवन, लाजपत पथ ओवरब्रिज के समीप सड़क एवं सार्वजनिक भूमि पर बने करीब पांच अस्थायी अतिक्रमण हटाकर स्थल को कब्जामुक्त कराया गया। वहीं वार्ड संख्या-49 के हिंदुस्तान चौक के पास सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे और बाउंड्री वॉल निर्माण को भी ध्वस्त कर जमीन को मुक्त कराया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सड़क, फुटपाथ, सार्वजनिक स्थल और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम ने नागरिकों और व्यवसायियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar