रांची स्थित एनएचएम मुख्यालय में अभियान निदेशक ने किया ध्वजारोहण

 


-कर्तव्यनिष्ठा से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि : शशि प्रकाश झा

रांची, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के नामकुम स्थित राज्य मुख्यालय में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी दी।

इस अवसर पर शशि प्रकाश झा ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना है। देश को आजादी दिलाने वाले वीरों के बलिदान के बाद अब प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने कर्तव्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।

उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि लोगों को स्वस्थ रखना, स्वयं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने टीबी और कुष्ठ जैसे गंभीर रोगों के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास और पूरी निष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया।

शशि प्रकाश झा ने कहा कि इन रोगों का उन्मूलन और आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने कर्तव्य पथ पर ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही वास्तविक संपदा है। स्वस्थ समाज के निर्माण में स्वास्थ्य विभाग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। लोगों को स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों से राहत पहुंचाना विभाग का कर्तव्य और धर्म है।

समारोह में स्वास्थ्य विभाग के बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar