बीसीआइ टाइटेनियम चैप्टर की नई कार्यसमिति ने संभाला कार्यभार
-डॉ. शिप्रा साह अध्यक्ष, सुदर्शन अग्रवाल उपाध्यक्ष और प्रशांत साहू बने सचिव
रांची, 07 अक्टूबर (हि.स.)। बीसीआइ टाइटेनियम चैप्टर की बिजनेस बैठक बुधवार को स्थानीय होटल में आयोजित हुई। बैठक के दौरान नई कार्यसमिति ने कार्यभार संभाला।
बीसीआइ टाइटेनियम चैप्टर की नई कार्यकारिणी में डॉ. शिप्रा साह को अध्यक्ष, सुदर्शन अग्रवाल को उपाध्यक्ष, प्रशांत साहू को सचिव और अमिताभ मृदुल भेंगराज को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, हिमानी गुप्ता को चैप्टर का सलाहकार बनाया गया।
नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. शिप्रा साह ने कहा कि रेफरल बिजनेस को बढ़ावा देने के साथ सदस्यों के बीच बेहतर कारोबारी नेटवर्क तैयार करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और नियमित संपर्क के माध्यम से सदस्यों के कारोबार को नई ऊंचाई दी जा सकती है।
मेंटर किशोर मंत्री ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेफरल बिजनेस देना और लेना, दोनों जरूरी हैं। भरोसे और विश्वास के साथ मिलकर काम करने से सभी सदस्यों को लाभ मिलेगा।
बैठक में आगामी कार्ययोजना और बिजनेस ग्रोथ को लेकर चर्चा की गई। बेहतर प्रदर्शन करने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। बीसीआइ के एमडी धीरज ग्रोवर ने नई कार्यसमिति को शुभकामनाएं देते हुए टीम भावना और बेहतर तालमेल के साथ चैप्टर को मजबूत बनाने की बात कही।
बैठक में निदेशक अजय कुमार सहित कई सदस्य मौजूद थे।---------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar