हवन के साथ शिशु विद्या मंदिर का नया शैक्षणिक सत्र शुरू

 




रामगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। शहर के रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गुरुवार को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हर्षोल्लास और धार्मिक वातावरण के बीच हवन-पूजन के साथ की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और पवित्र अग्नि प्रज्ज्वलन से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव शंकर लाल अग्रवाल और प्रधानाचार्य प्रवीण मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित थे। आचार्य कन्हैया कुमार और श्रीकांत द्विवेदी ने विधि-विधान एवं शास्त्र विधि के अनुसार हवन-पूजन सम्पन्न कराया।

नए सत्र के पहले दिन विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। नए सत्र की शुरुआत ने छात्रों में सकारात्मक ऊर्जा और नई उमंग का संचार किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश