विधायक ने दुमका पलाश टोटो योजना का किया शुभारंभ

 


दुमका, 27 जून (हि.स.)। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में दुमका जिले के मसलिया प्रखंड में शनिवार को एक पहल की शुरुआत हुई।

प्रखंड परिसर में आयोजित समारोह में विधायक बसंत सोरेन ने दुमका पलाश टोटो योजना का विधिवत लोकार्पण कर सखी मंडल की 21 महिलाओं को टोटो (ई-रिक्शा) की चाबी देकर स्वरोजगार की नई राह पर अग्रसर किया। यह पहल झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की ओर से ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के तहत संकुल संगठनों के माध्यम से महिलाओं को सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) से आसान किस्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। ताकि वे टोटो खरीदकर नियमित आय अर्जित कर सकें और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकें।

कार्यक्रम के दौरान लाभुक महिलाओं को टोटो वितरण के साथ आजीविका संवर्धन के लिए वित्तीय सहायता भी दी गई। सामुदायिक निवेश निधि के अंतर्गत 2,16,77,000 और कैश क्रेडिट लिंकेज के तहत 2,01,00,000 की राशि का परिसंपत्ति एवं वित्तीय सहायता के रूप में वितरण किया गया।

इस अवसर पर विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी, तभी परिवार और समाज दोनों मजबूत होंगे।

कार्यक्रम में डीडीसी अनिकेत सचान ने कहा कि जेएसएलपीएस की आजीविका आधारित योजनाएं ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने लाभुक महिलाओं से टोटो का सफल संचालन कर इसे आय का स्थायी स्रोत बनाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार