देवघर पुलिस की नई पहल, अब कोड नंबर वाले टोटो-ऑटो से ही करें सफर
देवघर, 27 जुलाई (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर देवघर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और बेहतर विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देवघर क्षेत्र में संचालित सभी टोटो औरऑटो का सत्यापन कर उन्हें एक विशिष्ट कोड संख्या दी गई है।
यह कोड नंबर प्रत्येक टोटो और ऑटो के बॉडी पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया गया है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालु वाहन की पहचान आसानी से कर सकें।
पुलिस के अनुसार, यदि किसी प्रकार की शिकायत, दुर्घटना, गुमशुदगी या अन्य अप्रिय घटना होती है, तो वाहन के कोड नंबर के आधार पर उसकी त्वरित पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
इस पहल का एक उद्देश्य देवघर क्षेत्र के बाहर से आने वाले अनधिकृत टोटो और ऑटो के परिचालन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना भी है। इससे श्रावणी मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।
देवघर पुलिस ने अपील की है कि श्रद्धालु यात्रा के दौरान केवल कोड नंबर वाले सत्यापित टोटो और ऑटो का ही उपयोग करें और आवश्यकता पड़ने पर वाहन का कोड नंबर सुरक्षित रूप से नोट कर लें, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy