रांची जिला अस्पताल में अत्याधुनिक न्यूरो फिजियोलॉजी लैब का उद्घाटन, अब स्थानीय स्तर पर हो सकेगी जटिल जांच

 


रांची, 02 मई (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची के जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। यहां अत्याधुनिक न्यूरो फिजियोलॉजी लैब का शुभारंभ किया गया, जिससे अब न्यूरोलॉजिकल जांच के लिए मरीजों को बड़े शहरों या निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

लैब का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने किया। इस अवसर पर उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, यह सुविधा राज्य के जिला अस्पतालों में अपनी तरह की पहली पहल है।

लैब के संचालन और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा और डॉ. अहमद हुसैन संभालेंगे, जिससे विशेषज्ञता के साथ जांच संभव हो सकेगी।

इस अत्याधुनिक लैब में एनसीएस (नर्व कंडक्शन स्टडी), ईईजी (इलेक्ट्रोएन्सेफेलोग्राम), ईएमजी (इलेक्ट्रोमायोग्राफी), वीईपी (विजुअल एवोक्ड पोटेंशियल) और आरएनएसटी (रीपिटेटिव नर्व स्टिमुलेशन टेस्ट) जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अब तक ये सुविधाएं झारखंड के किसी भी जिला अस्पताल में उपलब्ध नहीं थीं, जिससे मरीजों को काफी परेशानी होती थी।

डॉक्टरों का कहना है कि यह लैब मिर्गी, नसों से जुड़ी बीमारियों, मांसपेशियों की समस्याओं और अन्य न्यूरोलॉजिकल विकारों के सटीक निदान में सहायक होगी। साथ ही, श्रवण समस्या से जूझ रहे बच्चों की जांच और उपचार में भी यह सुविधा अहम भूमिका निभाएगी।

ट्रॉमा के मरीजों के लिए भी यह लैब काफी उपयोगी साबित होगी, क्योंकि इससे अंदरूनी चोटों और नसों की क्षति का समय पर पता लगाया जा सकेगा। इससे इलाज की प्रक्रिया तेज और प्रभावी होगी, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे