रांची में 13 वर्षीय छात्रा से कथित छेड़खानी, आरोपित की तलाश में पुलिस
रांची, 23 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा से कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है। छात्रा छठी कक्षा में पढ़ती है। घटना को लेकर उसके परिजनों ने विधानसभा थाने में आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस घटना के बाद से फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
परिजनों की शिकायत के अनुसार, आरोपित छात्रा का पड़ोसी है। आरोप है कि वह बच्चों को अकेला पाकर छात्रा के साथ अश्लील हरकत करता था। छात्रा ने जब घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी तो परिजन उसे लेकर विधानसभा थाना पहुंचे और आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा के बयान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
हटिया के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नीरज ने बताया कि विधानसभा थाना क्षेत्र की 13 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से छेड़खानी किए जाने की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
डीएसपी के अनुसार, छात्रा ने महिला पुलिसकर्मी के समक्ष घटना के संबंध में अपना बयान दिया है। पुलिस ने उसकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे