नक्सलियों के हथियार और भारी मात्रा में गोली बरामद

 


लातेहार, 19 मार्च (हि.स.)। लातेहार पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नक्सलियों की ओर से छुपाकर रखे गए तीन अत्याधुनिक हथियार सहित 170 गोलियां तथा अन्य सामग्री बरामद की।

गुरुवार को प्रेस वार्ता करते हुए लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि लातेहार पुलिस ने इनामी माओवादी नक्सली मृत्युंजय भुइयां और बबलू राम को 14 मार्च को गिरफ्तार किया था। बाद में इन्हें रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ कर रही थी। पूछताछ के दौरान नक्सलियों ने बताया कि उनके जरिये पुलिस के डर से अपने अत्याधुनिक हथियार गारू थाना क्षेत्र के मिरचइया जंगल में जमीन के अंदर छुपा कर रखा गया है।

नक्सलियों से जो सूचना मिली उसके आधार पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया और जंगल में छुपा कर रखे गए दो इंसास राइफल, एक कार्बाइन राइफल, 170 गोलियां, नक्सलियों की वर्दी तथा अन्य सामग्री बरामद किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जो हथियार बरामद किए गए हैं, वह पुलिस के रेगुलर हथियार हैं। इसकी छानबीन की जा रही है कि आखिर उक्त हथियार नक्सलियों के पास कैसे पहुंचे थे।

एसपी कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में यह भी कहा कि आने वाले 31 मार्च तक लातेहार जिले को पूरी तरह नक्सली मुक्त बना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी नक्सली बचे हुए हैं उनके पास अब एक ही रास्ता है कि वह पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दें। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली सभी प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार