गुप्त नवरात्रि नवमी पर रामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति, श्रद्धालुओं के बीच बंटा महाभोग
रांची, 23 जुलाई (हि.स.)। श्री श्री 1008 यज्ञ बाबा आश्रम दुर्गा मंदिर मोराबादी में गुरुवार को गुप्त नवरात्रि की नवमी पर नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का समापन विधि-विधान से हुआ।
इस अवसर पर श्री रामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति, भव्य महाआरती की गई। बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद भोग का वितरण किया गया। इससे पहले अनुष्ठान के दौरान पूरे दिन मंदिर परिसर जय श्री राम हनुमते नमः जयकारों और भक्ति गीतों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
आश्रम के महंत बाबा भरत दास जी महाराज के सानिध्य तथा मुख्य पुजारी विकास पांडे (विकास बाबा) के नेतृत्व में सभी वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। नवमी के अवसर पर मां भगवती का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
रामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति के बाद आयोजित महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
महंत बाबा भरत दास जी महाराज ने कहा कि गुप्त नवरात्रि में मां सिद्धिदात्री की आराधना विशेष फलदायी मानी जाती है और उनकी कृपा से साधकों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
इसके उपरांत विशाल भंडारे में सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में महिलाओं की विशेष सहभागिता रही। उन्होंने मां दुर्गा की आराधना कर परिवार की खुशहाली, संतानों के उज्ज्वल भविष्य और समाज में शांति की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में आशुतोष द्विवेदी, बबली कुमारी, सुषमा कुमारी, रूपम झा, रंजीत गुप्ता, मुकेश नायक, नीरज कुमार दुबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar